बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर सोशल मीडिया विवाद में घिर गई हैं। इस बार मामला किसी बयान का नहीं, बल्कि एक रील को लाइक करने का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक रील में जहां प्रियंका चोपड़ा की जमकर तारीफ की गई, वहीं दूसरी तरफ दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट की मांग को लेकर उनकी आलोचना की जा रही थी।
इस रील में यूजर यह कहता नजर आया कि प्रियंका ने हमेशा प्रोफेशनलिज़्म और कड़ी मेहनत को प्राथमिकता दी है, जबकि दीपिका की 8 घंटे काम करने की डिमांड को ‘अनरियलिस्टिक’ बताया गया। जब लोगों ने देखा कि प्रियंका चोपड़ा ने इस रील को लाइक किया है, तो मामला तूल पकड़ गया। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर प्रियंका को लेकर बहस छिड़ गई।
कई यूजर्स का कहना है कि प्रियंका का इस तरह की रील को लाइक करना दीपिका के स्टैंड के खिलाफ इशारों में समर्थन जैसा है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह सिर्फ एक सामान्य लाइक हो सकता है, जिसे बेवजह विवाद बनाया जा रहा है। हालांकि आलोचकों का कहना है कि एक ग्लोबल स्टार होने के नाते प्रियंका को ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर ज्यादा सतर्क रहना चाहिए था।
गौरतलब है कि हाल ही में दीपिका पादुकोण ने इंडस्ट्री में वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर 8 घंटे की शिफ्ट की बात कही थी, जिस पर बॉलीवुड में दो धड़े बन गए हैं। अब प्रियंका चोपड़ा का नाम इस बहस से जुड़ने के बाद विवाद और गहरा हो गया है।
फिलहाल प्रियंका या दीपिका की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही।
.jpg)
No comments:
Post a Comment