नई दिल्ली: ओटीटी प्लेटफॉर्म Amazon Prime Video पर रिलीज होने जा रही एक्शन-ड्रामा फिल्म सूबेदार का ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर में अनिल कपूर का दमदार अंदाज देख फैंस फिल्म की थिएटर रिलीज की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट किया कि यह फिल्म हालिया रिलीज ‘टॉक्सिक’ से कहीं बेहतर लग रही है।
फिल्म में अनिल कपूर सेवानिवृत्त फौजी अर्जुन मौर्य के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो अपने अतीत के जख्मों और एक निर्दयी दुश्मन से जूझते दिखते हैं। अवैध रेत खनन से त्रस्त इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित यह कहानी एक्शन और इमोशन का जबरदस्त मेल पेश करती है।
फिल्म में राधिका मदान अनिल कपूर की बेटी श्यामा की भूमिका निभा रही हैं, जबकि मोना सिंह खतरनाक विलेन के अवतार में नजर आ रही हैं। फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। प्रोडक्शन की कमान विक्रम मल्होत्रा और खुद अनिल कपूर ने संभाली है।
‘सूबेदार’ 5 मार्च को हिंदी, तमिल और तेलुगु में दुनियाभर के दर्शकों के लिए स्ट्रीम की जाएगी। ट्रेलर की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद अब देखना होगा कि ओटीटी रिलीज के बावजूद मेकर्स थिएटर रिलीज पर विचार करते हैं या नहीं।
फिलहाल, ट्रेलर ने इतना तो साफ कर दिया है कि अनिल कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे (या कहें छोटे पर्दे) पर ‘आफत’ बनकर छाने वाले हैं।

No comments:
Post a Comment