कविताओं से याद करके मनाया अभिनेता मनोज कुमार का जन्मदिन


भारत कुमार के नाम से प्रसिद्ध बॉलीवुड के जाने माने निर्माता निर्देशक मनोज कुमार के जन्मदिवस पर राजेन्द्रा पार्क में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कलमवीर विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नवादा दिल्ली के समाजसेवी      संजय शक्तिराज ने की। 
        गोष्ठी में उपस्थित कवियों-कलाकारों ने फिल्मों के माध्यम से देशप्रेम की अलख जगाते रहे मनोज कुमार की अद्वितीय कार्यशैली की चर्चा करते हुए उन्हें भारत माँ का सच्चा सपूत बताया। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे वयोवृद्ध अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनकी दीर्घायु की कामना भी की गई। 
     पिछले 45 वर्षों से मनोज कुमार के करीबी दोस्त व प्रशंसक कृष्ण गोपाल विद्यार्थी ने उनसे जुड़े कई रोचक व प्रेरक संस्मरण भी सुनाए। उन्होंने बताया कि  देश के विभाजन के बाद काफी समय दिल्ली में बिता चुके मनोज कुमार अपनी मुलाकातों के दौरान अक्सर मुंडका,नांगलोई,घेवरा व बहादुरगढ़ की चर्चा करने के अलावा इस क्षेत्र में कुछ समय बिताने की इच्छा भी जताते रहे हैं। तिलक रोड दिल्ली स्थित अपने कार्यालय पर आगमन के दौरान वह उनके मित्रों विरेंद्र कौशिक, रमेश सुखीजा,विनय शांडिल्य व विनोद डाबरा सहित उनके परिजनों से भी वह जिस आत्मीयता से मिले वे क्षण अविस्मरणीय हैं। 
        सुरभि कला केंद्र के संयोजक राजीव तनेजा व हिंदी साहित्य संस्थान दिल्ली की संस्थापक विभा वैभवी ने भी मनोज कुमार की फिल्मों की विशेषताओं की चर्चा करते हुए उनकी कृतियों को ऐतिहासिक शिलालेख बताया। गोष्ठी के दौरान सभी वक्ताओं ने उपकार,पूरब और पश्चिम, शोर व क्रांति के प्रेरक गीत-संगीत का हवाला देते हुए कुछ गीत भी गुनगुनाए। श्री पोद्दार के अध्यक्षीय संबोधन के साथ गोष्ठी का समापन हुआ।

Comments